Site iconSite icon SHABD SANCHI

MP के सागर में जहरीली शराब पीने से 11 लोगों की मौत, 24 भर्ती

सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब पीने से 11 लोगों की मौत हो गई। सागर जिला अस्पताल और बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में अब तक 35 लोगों को भर्ती कराया जा चुका है। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने 10 लोगों की मौत की पुष्टि की है। कई मरीजों की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है। मरीजों को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज और सागर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

कलेक्टर प्रतिभा पाल के मुताबिक, मामला बंडा थाना क्षेत्र के नौरोजा और घुघरा खुर्द गांव का है। शनिवार सुबह करीब 4:30 बजे जानकारी मिलते ही प्रशासन की टीम प्रभावित गांवों में स्क्रीनिंग के लिए पहुंच गई। शराब पीने वाले लोगों की जांच की जा रही है। जिन लोगों में लक्षण दिखाई दे रहे हैं, उन्हें बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज रेफर किया जा रहा है।

कलेक्टर ने बताया कि अब तक किए गए पोस्टमार्टम में मिथाइल अल्कोहल के सेवन की बात सामने आई है। वहीं, एसपी अनुराग सुजानिया ने बताया कि जांच में शराब की सप्लाई उत्तर प्रदेश के ललितपुर से आने की बात सामने आई है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही ललितपुर से जुड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

डॉक्टर्स के मुताबिक, अस्पताल लाए गए कुछ मरीजों के शरीर नीले पड़ गए हैं और उन्हें शरीर में अकड़न महसूस हो रही है। प्रशासन ने गंभीर मरीजों के लिए अलग बेड की व्यवस्था की है। मृतकों के पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रिया जारी है।

6 दुकानों को किया गया सील

मामले की सूचना मिलते ही प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए क्षेत्र की 6 दुकानों को सील कर दिया है। सागर कमिश्नर, IG, कलेक्टर और SP प्रभावित गांवों में पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मिले। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने दिए कड़ी कार्रवाई के निर्देश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रभारी मंत्री और अधिकारियों को मामले की तत्काल जांच करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सरकार इस तरह की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं करेगी। डिप्टी CM जगदीश देवड़ा ने कहा कि हादसे के पीछे जो भी व्यक्ति जिम्मेदार होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने X पर पोस्ट कर सरकार पर सवाल उठाए हैं।

कलेक्टर ने कहा- जहरीली शराब पीने से हुई मौतें

कलेक्टर ने बताया कि डॉक्टर्स लगातार मरीजों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। जरूरी मेडिकल और प्रशासनिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि मृतकों में 4 गांवों के लोग शामिल हैं। प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और जिम्मेदार लोगों पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

जीतू पटवारी ने कहा- प्रदेश में बेखौफ शराब माफिया

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि उन्होंने पहले भी सागर जिले में बिक रही अवैध शराब को मिल रहे कथित सरकारी संरक्षण को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि प्रदेश में अवैध शराब का कारोबार किसके संरक्षण में चल रहा है। शराब माफिया बेखौफ होकर क्यों घूम रहे हैं और सरकार की आंखें गरीबों की मौत के बाद ही क्यों खुलती हैं। पटवारी ने जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने मृतकों के परिवारों को तत्काल उचित आर्थिक सहायता देने और पूरे क्षेत्र में अवैध शराब के नेटवर्क के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की मांग की। साथ ही उन्होंने सरकार से उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।

नेता प्रतिपक्ष ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने जहरीली शराब के सेवन से 11 लोगों की मौत और 35 लोगों के भर्ती होने के मामले में सरकार से उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उमंग सिंघार ने सरकार को घेरते हुए कहा कि मृतकों का शरीर नीला पड़ जाना भयावह है। यह सिर्फ एक घटना नहीं, बल्कि सरकार की नाक के नीचे चल रहे अवैध शराब कारोबार और कथित प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है। सिंघार ने कहा कि इससे पहले उज्जैन में भी अवैध शराब का मामला सामने आ चुका है। उन्होंने सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में अवैध शराब का कारोबार किसके संरक्षण में चल रहा है और फल-फूल रहा है।

Exit mobile version