Site iconSite icon SHABD SANCHI

रीवा में जमीनी विवाद पर खूनी संघर्ष: पिता-पुत्र पर लाठी और तलवार से जानलेवा हमला, SGMH में भर्ती

Violent clash over land dispute in RewaViolent clash over land dispute in Rewa

Violent clash over land dispute in Rewa

रीवा: जिले के सिरमौर थाना अंतर्गत दुलहरा गांव में रविवार सुबह जमीनी विवाद को लेकर चचेरे भाइयों ने मिलकर पिता-पुत्र पर लाठी और तलवार से प्राणघातक हमला कर दिया। इस सनसनीखेज वारदात में बुजुर्ग पिता और उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी मेमोरियल हॉस्पिटल (SGMH) में भर्ती कराया गया है।

दीवार निर्माण को लेकर शुरू हुआ था विवाद

घायल युवक राजेश कुमार पांडे के अनुसार, विवाद की शुरुआत उनके पुराने मकान से जुड़ी है। मकान के अंदर पानी घुसने से रोकने के लिए वे दीवार का निर्माण कार्य करा रहे थे। इसी बात को लेकर एक दिन पहले चचेरे भाइयों से उनकी तीखी कहासुनी और गाली-गलौज हुई थी, जिसे उस वक्त शांत करा दिया गया था।

दुकान जाते समय घेराबंदी कर किया हमला

राजेश ने बताया कि रविवार सुबह जब वह गांव की ही एक दुकान पर गुटखा खरीदने जा रहा था, तभी घात लगाकर बैठे चचेरे भाइयों (दिवाकर, प्रभाकर, सुधाकर और श्रीनिवास) ने उसे घेर लिया और लाठी-तलवार से हमला कर दिया।

बीच-बचाव करने आए बुजुर्ग पिता के तोड़े हाथ-पैर

बेटे को लहूलुहान हालत में पिटता देख जब उनके 60 वर्षीय बुजुर्ग पिता शिव कुमार पांडे बीच-बचाव करने दौड़े, तो हमलावरों ने उन पर भी बर्बरतापूर्वक जानलेवा हमला कर दिया। लाठियों से पीट-पीटकर बुजुर्ग पिता का एक हाथ और एक पैर तोड़ दिया गया। पूरा गांव इस वारदात का चश्मदीद बना रहा।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, हमलावर फरार

घटना के तुरंत बाद दोनों गंभीर रूप से घायलों को संजय गांधी अस्पताल लाया गया, जहां उनका उपचार फिलहाल जारी है। सिरमौर थाना पुलिस ने पीड़ितों के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और वारदात के बाद से फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।

Exit mobile version