Site iconSite icon SHABD SANCHI

रीवा में जच्चा-बच्चा मौत मामला: डिप्टी सीएम के मनाने के बाद भी आमरण अनशन पर डटे मृतका के पिता

रीवा के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल (जीएमएच) में इलाज में कथित लापरवाही के कारण बेटी कल्पना मिश्रा और नवजात शिशु की मौत से आहत पिता रामशिरोमणि मिश्रा बुधवार से शहर के सिरमौर चौराहे पर अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर बैठे हुए हैं। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल उन्हें मनाने और समझाने के लिए अनशन स्थल पर पहुंचे, लेकिन पीड़ित पिता ने उनके आश्वासन को ठुकराते हुए साफ कर दिया कि उन्हें कोरे वादे नहीं, बल्कि दोषी डॉक्टरों पर एफआईआर और सख्त कानूनी कार्रवाई चाहिए। इस आंदोलन को अब लगातार व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है, और बड़ी संख्या में सामाजिक तथा राजनीतिक संगठनों के लोग अनशन स्थल पहुंचकर अपना समर्थन दे रहे हैं।

परिजनों और समर्थकों ने दो टूक शब्दों में स्पष्ट कर दिया है कि जब तक लापरवाह डॉक्टरों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका यह विरोध प्रदर्शन पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगा। पीड़ित पिता ने इस पूरे दर्दनाक मामले की सीबीआई जांच कराने, दोषियों के खिलाफ हत्या का आपराधिक प्रकरण दर्ज करने और उनकी तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी अन्य बेटी के साथ इस तरह का अन्याय न हो सके।

इससे पहले इस दुखद घटना के तूल पकड़ने पर उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला मृतका कल्पना मिश्रा के गृह ग्राम हटवा भी पहुंचे थे, जहां उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी थी और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया था। हालांकि, इसके बावजूद इंसाफ की मांग को लेकर परिजनों का गुस्सा शांत नहीं हुआ है और अनशन लगातार जारी है।

Exit mobile version